अमेरिकी विश्वविद्यालयों को समान अवसर देने का भारत का वादा
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए वैश्विक संस्थाओं से साझेदारी के इच्छुक भारत ने शिक्षा क्षेत्र में विदेशी निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अमेरिका के शीर्ष विश्वविद्यालयों को समान अवसर देने का वादा किया है।
मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "उच्च शिक्षा क्षेत्र के विस्तार और भारतीय छात्रों की आवश्यकताओं के लिए हमें न केवल भारत में शिक्षा संस्थानों के विकास की अनुमति देने वरन शिक्षा क्षेत्र में विदेशी निवेश उपलब्ध कराने की भी आवश्यकता है।"
भारत में 14 नए शोध और अनुसंधान विश्वविद्यालय स्थापित करने में अमेरिका के शीर्ष विश्वविद्यालयों का सहयोग मांगने अमेरिका पहुंचे सिब्बल ने कहा कि उन्हें मिली प्रतिक्रिया से वह उत्साहित हैं। उन्होंने अपने दौरे को पूरी तरह संतोषजनक बताया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार कानून पारित होने के साथ शिक्षा के विस्तार के तहत भारत में सैकड़ों विश्वविद्यालयों का निर्माण, व्यावसायिक प्रशिक्षण का विस्तार होगा और एक संशोधित पाठ्यक्रम लाया जाएगा।
शिक्षा में गुणवत्ता के मुद्दे पर सिब्बल ने कहा कि सैकड़ों वर्षो से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने वाले संस्थानों और व्यवस्था को लाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि विदेशी संस्थानों को भारत में कानून के दायरे में काम करना होगा लेकिन उन सभी को समान अवसर मिलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications