अफगानिस्तान में दूसरे दौर के मतदान का बहिष्कार कर सकते हैं अब्दुल्ला
काबुल, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई के निर्वाचन को चुनौती देने वाले उनके प्रतिद्वंद्वी अब्दुल्ला अब्दुल्ला की शर्तो को यदि शनिवार की मध्यरात्रि तक माना नहीं गया तो सात नवंबर को होने वाले दूसरे दौर के मतदान का वह बहिष्कार कर सकते हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार प्रवक्ता अली फरहाद हॉवैदा के अनुसार 20 अगस्त के चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने शनिवार को भारत की अपनी यात्रा निरस्त कर दी है। रविवार की सुबह एक जनसमूह के बीच वह इस बात की घोषणा करने वाले हैं कि अगले सप्ताह होने वाले चुनाव में वह हिस्सा लेंगे या उसका बहिष्कार करेंगे।
पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला ने इस सप्ताह संकेत दिया था कि यदि आंतरिक मंत्री सहित कैबिनेट के तीन मंत्रियों को निलंबित नहीं किया गया और स्वतंत्र चुनाव आयोग (आईईसी) के प्रमुख को पद से नहीं हटाया गया तो वह दूसरे दौर के मतदान का बहिष्कार कर सकते हैं।
अब्दुल्ला ने कहा है कि उन्होंने चुनाव में धांधली को रोकने के लिए इन शर्तो को रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications