मडगांव विस्फोट मामले में सनातन संस्था के 2 सदस्य गिरफ्तार (लीड-2)
पुलिस ने इस मामले में और गिरफ्तारियों की संभावना से इंकार नहीं किया है। पुलिस ने यह भी कहा है कि इस मामले में कोई षड़यंत्रकारी भी शामिल हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक (अपराध अन्वेषण विभाग) आत्माराम देशपांडे ने यहां संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान विनय तालेकर (30) और विनायक पाटिल (27) के रूप में हुई है। वे मूल रूप से क्रमश: कर्नाटक के कारवाड़ और बेलगाम के रहने वाले हैं।
देशपांडे ने कहा, "दोनों की गिरफ्तारी के साथ अब गोवा विस्फोट की जांच में निश्चतरूप से तेजी आएगी। ऐसे समय में हम और गिरफ्तारियों से इंकार नहीं कर रहे हैं।"
इस विस्फोट में मारे गए मालगोंडा पाटिल की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर देशपांडे ने कहा, "इस बात की पूरी संभावना है कि इस विस्फोट के पीछे कोई साजिशकर्ता शामिल रहा है। लेकिन कोई साजिशकर्ता इस तरह से खुल कर सामने नहीं आएगा।"
इन दो गिरफ्तारियों के साथ ही गोवा विस्फोट मामले में आरोपी बनाए गए लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इनमें शामिल दो आरोपी पाटिल और योगेश नाइक की विस्फोट के दौरान मौत हो गई थी।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पिछले कुछ वर्षो से पोंडा में रह रहे थे।
पुलिस उपमहानिरीक्षक आर.एस. यादव ने कहा, "दोनों को भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और गैरकानूनी गतिविधि व विस्फोट वस्तु कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है। दोनों को मध्यरात्रि 12.40 बजे गिरफ्तार किया गया। इससे पहले दोनों को पूछताछ के लिए भी बुलाया गया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications