'पाक में हालात बिगड़ने पर कश्मीर में घुस सकते हैं आतंकवादी'
उत्तरी कमान के कमांडिंग अधिकारी जनरल बी. एस जैसवाल ने राज्य में तालिबान आतंकवादियों के प्रवेश करने की बात से इंकार कर दिया है लेकिन उन्होंने कहा है कि यदि पाकिस्तान में स्थिति नियंत्रण से बाहर होती है तो आतंकवादियों के प्रवेश की संभावनाएं हैं।
जम्मू से 66 किलोमीटर दूर ऊधमपुर स्थित उत्तरी कमान के मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में जैसवाल ने कहा, "हम पाकिस्तान में स्थिरता चाहते हैं।"
पाकिस्तान की अतिसंवेदनशील स्थिति, जहां आतंकवादी नागरिकों और रक्षा संस्थानों को तेजी से निशाना बना रहे हैं, की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की स्थिति से जम्मू एवं कश्मीर और शेष भारत भी प्रभावित हो सकता है।
जैसवाल ने कहा कि 2006 के बाद से कश्मीर में हिंसात्मक घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा कि इस साल अब तक हिंसा की केवल 36 घटनाएं हुई हैं जबकि 2006 में हिंसा की 276 घटनाएं हुई थीं। उन्होंने कहा कि घाटी में विरोध प्रदर्शन चिंता का मुख्य विषय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications