पटना जंक्शन पर कार्बाइन से गोली चलने से हवलदार की मौत
पटना, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना जंक्शन पर एक रेलगाड़ी पर सामान चढ़ाने के दौरान शनिवार को कार्बाइन से गोली चल जाने के कारण बिहार सैन्य बल (बीएमपी) के एक हवलदार की मौत हो गई जबकि एक अन्य हवलदार घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार बीएमपी के जवान उत्तर प्रदेश उपचुनाव में सुरक्षा के लिए रवाना हो रहे थे। लालकिला एक्सप्रेस में सवार होने और सामान चढ़ाने के दौरान एक जवान की कार्बाइन गिर गई और उससे गोली चल गई। इस घटना में बीएमपी के सुरेन्द्र सिंह और चंद्रेश्वर सिंह घायल हो गए।
इधर, पटना के राजकीय रेल पुलिस के पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए पटना चिकित्सा कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) ले जाया गया जहां इलाज के दौरान चंद्रेश्वर की मौत हो गई जबकि सुरेन्द्र की स्थिति में अब सुधार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि मृतक बीएमपी-9 का हवलदार था। सिंह के अनुसार इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications