के. राधाकृष्णन ने इसरो के अध्यक्ष का पदभार संभाला
तिरूवनंतपुरम, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रसिद्ध वैज्ञानिक के.राधाकृष्णन ने शनिवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष का पदभार संभाला।
पदभार संभालने के बाद राधाकृष्णन ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "अब मैंने अध्यक्ष का पद संभाल लिया है और जैसा मैं पहले कह चुका हूं कि यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी साबित होगी और मुझसे सभी कर्मचारियों के सहयोग और समर्थन से अच्छा काम करने की अपेक्षा भी है।"
राधाकृष्णन ने जी. माधवन नायर से इसरो के अध्यक्ष का पद संभाला है। नायर के वर्ष 2003 से शुरू हुए कार्यकाल में इसरो ने अक्टूबर 2008 में चांद पर पहला अभियान चंद्रयान-1 भेजने सहित 25 अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
पद संभालने के तुरंत बाद राधाकृष्णन शहर के बाहरी इलाके में हाल में स्थापित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान और प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएसटी) में एक समारोह में हिस्सा लेने गए।
राधाकृष्णन केरल विश्वविद्यालय से वर्ष 1970 बैच के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग स्नातक हैं। उन्होंने बेंगलुरू के भारतीय प्रबंधन संस्थान से एमबीए की डिग्री और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-खड़गपुर से डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications