इंडियन ऑयल के डिपो में आग, 9 मरे (लीड-2)
आग गुरुवार शाम करीब 7.15 बजे एक हल्के भूकंप के बाद लगी थी। आग ने करीबी एग्रो फूड सेंटर और पावर ग्रिड को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी प्रचंड थी कि इसकी लपटे 15 किलोमीटर की दूरी से दिखाई दे रही हैं।
पेट्रोलयम मंत्री मुरली देवड़ा ने घायलों को देखने के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि स्थिति पर काबू पाने में अभी एक या दो दिन का समय लग सकता है। देवड़ा ने कहा कि इंडियन ऑयल डिपो के छह कर्मचारी अभी तक डिपो के अंदर फंसे हुए हैं और उनके जीवित बचने की संभावना बहुत कम है।
उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल के डिपो में लगी आग में पूरे ईंधन को जलने देने के अलावा फिलहाल कोई अन्य विकल्प नहीं है। आग पर पूरी तरह काबू पाने एक-दो दिन लग जाएंगे।
डिपो में 7,000 किलोलीटर पेट्रोल, 24,000 किलोलीटर डीजल और 1,000 किलोलीटर किरोसीन था। आग को बुझाने के लिए मथुरा से दो ट्रक फोम मगांई गई है।
जिला अधिकारी ने घटनास्थल के आसपास के पांच किलोमीटर के दायरे में किसी के भी आने-जाने पर रोक लगा दी है। जयपुर-कोटा राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है और निकट के रेलमार्ग से गुजरने वाली 20 रेलगाड़ियों की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। आसपास के गांव भी खाली करा लिए गए हैं।
आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है लेकिन कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि एक टैंक से गैस लीक होने के बाद आग लगी। आग की लपटें 15 किलोमीटर की दूरी से देखी जा सकती हैं।
कंपनी के पास 11 विशाल टैंक हैं और सभी जलते दिखाई दे रहे थे। डिपो के निकट की एक फैक्टरी भी जल गई। आग बुझाने के काम में अग्निशमन दस्ते की 25 गड़ियों को लगाया गया।
आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों ने आग लगने से पहले बड़े धमाकों की आवाज सुनी। बहुत से लोग सांस लेने में कठिनाई होने और आंखों में जलन की शिकायत कर रहे हैं। चिकित्सकों से लोगों को घटनास्थल के निकट न जाने की सलाह दी है।
राजस्थान सरकार ने आग में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 200,000 रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 100,000 रुपये और अन्य घायलों को 50,000 रुपये का मुआजा देने का ऐलान किया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि सभी निजी अस्पतालों को घायलों का इलाज करने को कहा गया है। उनके इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications