भोपाल के निशातपुरा से हटेंगे सभी ऑयल डिपो
निशातपुरा इलाके में इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो हैं। जिस स्थान पर डिपो है उसके आसपास घनी आबादी है, किसी भी तरह का हादसा होने पर जनहानि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
नगरीय प्रशासन मंत्री बाबू लाल गौर ने शुक्रवार को खुद इंडियन ऑयल डिपो का निरीक्षण किया और पाया कि इसके आसपास कई हजार परिवार निवासरत हैं। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने भी डिपो हटाने के लिए जमकर नारेबाजी की। डिपो प्रबंधक प्रभाकर ने गौर को बताया कि डिपो की भंडारण क्षमता 20 हजार किलो लीटर है। वर्तमान में 15 हजार किलो लीटर ही पेट्रोलियम है।
गौर ने कलेक्टर शिवशंकर शुक्ला को निर्देश दिए कि वे कंपनी को नोटिस जारी करें। शुक्ला ने गौर को बताया कि नोटिस जारी किए जा चुके हैं। साथ डिपो को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications