लश्कर की साजिश की जांच के लिए अमेरिका जाएंगे भारतीय जांचकर्ता
भारतीय खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि हेडली और उसके साथी पाकिस्तानी आतंकियों के साथ मिल कर हमले की बड़ी साजिश रच रहे थे।
चिदंबरम ने कहा है, "हमें पता है कि डेविड हेडली ने कई बार पाकिस्तान का दौरा किया है। अक्सर उसने अपने नाम पर यात्रा की है। वहां कौन से लोग उसके मित्र और परिचित हैं, इन सब मामलों की जांच की जाएगी।"
चिदंबरम ने अपने मंत्रालय की वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए शुक्रवार की शाम संवाददाताओं को बताया, "हमारे जांचकर्ता अमेरिका में जांच में शामिल हो रहे हैं। हमारे जांचकर्ता रविवार तक अमेरिका पहुंच जाएंगे और सोमवार को वे जांच में जुट जाएंगे।"
हेडली ने एफबीआई को बताया है कि उसका निशाना राहुल नामक एक प्रमुख भारतीय था।
राहुल की पहचान के बारे में पूछे जाने पर चिदंबरम ने कहा, "जिस राहुल के बारे में हम और आप समझ रहे हैं, यह वह राहुल नहीं है। यह कोई सांकेतिक नाम हो सकता है और इसका अलग अर्थ हो सकता है।"
ज्ञात हो कि एफबीआई ने मंगलवार को कहा था कि मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार एलईटी भारत में एक और बड़े आतंकी हमले के लिए एक अमेरिकी नागरिक को इस्तेमाल करने की योजना बना रहा था।
शिकागो की अदालत में एफबीआई की ओर से दायर हलफनामे के अनुसार हेडली, इलियास कश्मीरी और एलईटी के अन्य कई अनाम नेताओं के संपर्क में था।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हरकत-उल-जिहाद इस्लामी (हूजी) के प्रमुख संचालक कश्मीरी के फिलहाल पाकिस्तान के अशांत वजीरिस्तान इलाके में होने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications