झारखण्ड के चुनावी मैदान में 8 पूर्व सांसद भी ठोकेंगे ताल
कांग्रेस ने सभी 81 सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों की एक सूची तैयार की है और उसे अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। इस सूची में चार पूर्व सांसदों के नाम हैं जो गत लोकसभा चुनाव हार गए थे। ये हैं-चंद्रशेखर दूबे (धनबाद), फुरकान अंसारी (जामताड़ा), बागुन सुम्ब्रई (चाइबासा) और रामेश्वर उरांव (लोहरदगा)। सूत्रों के मुताबिक सभी चारों सांसदों को टिकट मिलना तय माना जा रहा है।
कांग्रेस के अलावा झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तीन पूर्व सांसद भी चुनावों में ताल ठोंकने को तैयार हैं। ये पूर्व सांसद हैं हेमलाल मुर्मु (राजमहल), टेकलाल महतो (गिरिडीह) और सुमन महतो (जमशेदपुर)।
झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन के करीबी एक नेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "तीनों पूर्व सांसद विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अपने-अपने क्षेत्रों में उनकी उपस्थिति मजबूत है। उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम रहना तय है।"
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पूर्व सांसद भुनेश्वर प्रसाद मेहता भी पिछला लोकसभा चुनाव हजारीबाग से हार गए थे। उनका भी विधानसभा चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications