बिहार में खुलेगी कृषक पाठशालाएं
बिहार की कृषि मंत्री रेणु देवी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि राष्ट्रीय कृषि आयोग की सिफारिश पर राज्य सरकार ने 'कृषक पाठशाला' खोलने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि सभी प्रखंडों में दो-दो कृषि पाठशालाएं खोली जाएंगी। इस तरह राज्य में कुल 1,078 कृषक पाठशालाएं खुलेंगी।
उन्होंने बताया कि पाठशाला खोलने की प्रक्रिया नवंबर से प्रारंभ कर दी जाएगी। प्रत्येक पाठशाला के संचालन के लिए राज्य सरकार 50,0000 रुपए खर्च करेगी।
इधर, कृषि विभाग के प्रधान सचिव क़े सी़ साहा ने बताया कि फसल आधारित इन पाठशालाओं में प्रखंड के एक गांव में गेहूं की फसल पर आधारित पाठशाला होगी और उसी प्रखंड के दूसरे गांव में पशुपालन और मत्स्य पालन पर आधारित पाठशाला खोली जाएगी। उक्त दोनों पाठशालाएं गांव के ही किन्हीं दो किसानों की जमीन पर खोली जाएंगी।
इन पाठशालाओं में कुल 14 सप्ताह तक किसानों को स्थानीय कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिक तथा कृषि विभाग के अधिकारी प्रशिक्षण देंगे। प्रत्येक पाठशाला में 25 किसानों को प्रशिक्षित करने की व्यवस्था की जाएगी।
साहा के अनुसार इन पाठशालाओं के माध्यम से सरकार ने 5,39,000 किसानों को प्रशिक्षित करने की योजना बनाई है। उन्होंने बताया कि इन पाठशालाओं में प्रशिक्षित प्रत्येक किसान गांव के कम से कम 20 किसानों को प्रशिक्षण देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications