नेहरू से लेकर सलमान तक हैं 'परांठे वाली गली' के दीवाने
राहुल पलहानिया और नक्शब खान
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। यदि दिल्ली के चांदनी चौक के पुराने, संकरे और भीड़-भाड़ वाले इलाके में गर्मागर्म परांठों की खुशबू आप तक पहुंच गई तो आप यहां की परांठे वाली गली में जाए बिना नहीं रह सकेंगे। इस गली की कुछ दुकानें करीब 100 साल से भी अधिक पुरानी हैं और उनके पराठों का स्वाद आज भी लाजवाब है।
भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और उनकी बेटी व दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी इस गली में परांठों का स्वाद लेने के लिए पहुंचते थे। यहां की कई दुकानों पर लगे फोटो में नेहरू और उनकी बेटी को इस गली में परांठों का स्वाद लेते देखा जा सकता है।
गुजरते वक्त के साथ परांठे वाली गली के ग्राहकों की सूची में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का नाम भी शुमार हो गया है।
एक दुकान के मालिक राजीव शर्मा उनकी दुकान पर रखी नेहरू और इंदिरा गांधी की तस्वीरों की ओर इशारा करते हुए कहते हैं, "कई हस्तियों ने मेरे परांठों का स्वाद लिया है।"
अब इस गली में केवल चार दुकानों पर ही परांठे बेचे जाते हैं जबकि कुछ दशकों पहले तक यहां परांठे की 20 दुकानें होती थीं। पर दुकानों की संख्या कम होने के बावजूद परांठों का स्वाद नहीं बदला है।
वर्तमान में जितनी भी दुकानें हैं उन्हें एक ही परिवार चलाता है।
राजीव शर्मा कहते हैं, "हमारी परांठे की दुकान 1872 में शुरू हुई थी और इस दुकान को चलाने वाली यह हमारी छठी पीढ़ी है। 1984 में एक परांठे का दाम 75 पैसा था लेकिन अब महंगाई बढ़ने के साथ 100 ग्राम वजन के प्रति परांठे के 30 रुपये लेना शुरू कर दिया है।"
एक अन्य परांठा दुकान के मालिक गौरव दीक्षित कहते हैं कि ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए इस गली का नाम ही काफी है। दीक्षित ने कहा, "कई ग्राहक दिल्ली के दूरस्थ इलाकों से यहां आते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications