कर्ज चुकाने के लिए बेटे का सौदा
घटना जिले के पूरापांडे थाना क्षेत्र के वीरपुर की है, जहां सूदखोर का कर्ज चुकाने के लिए अमीरा (45) अपने दो साल के बच्चे को बेचने निकला था। स्थानीय समाचार चैनलों द्वारा मामला उठाये जाने के बाद पुलिस हरकत में आई और बुधवार देर रात सरजू प्रसाद नाम के महाजन को धर दबोचा।
पूरापांडे थाना-प्रभारी अजय सोतिया ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा कि घटना की जांच की जा रही है। गरीबों को प्रताड़ित करने वाले सूदखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सूदखोरों के चंगुल में जो भी लोग फंसे हों उनसे कहा जा रहा है कि मदद के लिए पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस के मुताबिक मजदूरी कर परिवार का गुजारा करने वाले अमीरा ने दो साल पहले अपनी बेटी की शादी के लिए महाजन से 21 हजार रुपये का कर्ज लिया था। चार बच्चों के पिता अमीरा के मुताबिक मेहनत-मजदूरी करके उसने 22 हजार रुपये कर्ज चुका दिया लेकिन इसके बावजूद उस पर करीब 20 हजार रुपये का कर्ज बताया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि सूदखोर लगातार पैसों के लिए उसे प्रताड़ित कर कर्ज न लौटाने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था, जिसके बाद तंग आकर उसने कर्ज चुकाने के लिए अपने छोटे बेटे का सौदा करने का फैसला किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications