ब्रिटेन में अधिक भारतीयों को काम करने की अनुमति मिले : पाटिल
लंदन, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने गुरुवार को ब्रिटेन से आग्रह किया है कि यहां काम करने और रहने के इच्छुक भारतीयों को मुक्त आवाजाही की अनुमति दी जाए, जिससे कि भारत-ब्रिटेन संबंध पूरे समभाव से बढ़ सकें।
ब्रिटेन-भारत व्यापार परिषद (यूकेआईबीसी) द्वारा आयोजित व्यापारियों की एक बैठक में पाटिल ने कहा कि किसी भी संबंध को पूरे समभाव से हासिल करने के लिए लोगों, पेशेवरों और व्यापारियों की मुक्त आवाजाही जैसी गतिविधियों को बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि दोनों पक्ष एक ऐसी पद्धति विकसित करेंगे, जिससे पेशेवरों और व्यापारियों की मुक्त आवाजाही को सहायता मिलेगी। व्यापारिक संबंधों को बढ़ाने और उनमें निरंतरता के लिए यह महत्वपूर्ण है।"
ब्रिटिश व्यापार मंत्री पीटर मेंडलसन के भारत में वित्तीय और कानूनी सेवा क्षेत्र में अधिक उदारीकरण के आग्रह के बाद पाटिल ने यह टिप्पणी की।
गौरतलब है कि ब्रिटिश सरकार भारतीयों के लिए यहां रहने और काम करने के नियम अधिक कठिन बनाती जा रही है। नई व्यवस्था के अनुसार ब्रिटेन में रहने और काम करने के लिए 40,000 पाउंड वार्षिक की आय और योग्यता तथा भाषाई कौशल अनिवार्य है।
काफी संख्या में भारतीय खासकर सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों की शिकायत है कि इन नियमों ने उनके लिए ब्रिटेन में काम करना मुश्किल बना दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications