अमेरिकी अर्थव्यवस्था की विकास दर 3.5 फीसदी
वाशिंगटन, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। चालू वित्त वर्ष 2009 की तीसरी तिमाही में पहली बार अमेरिकी अर्थव्यवस्था की विकास दर 3.5 फीसदी दर्ज की गई है। इससे लोगों में अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार की उम्मीदों को बल मिला है।
वाणिज्य विभाग द्वारा गुरुवार को जारी उम्मीद से बेहतर जीडीपी दर इस बात का एक और मजबूत संकेत है कि अर्थव्यवस्था दिसंबर 2007 में शुरू हुए भीषण मंदी के दौर से उबर चुकी है।
सरकार द्वारा सार्वजनिक व्यय बढ़ाने, निर्यात, उपभोक्ता वस्तुओं और ऑटो सेक्टर में वृद्धि और आवासीय क्षेत्र में कुछ हद तक स्थिरता आने से जीडीपी का रूख पहली बार सकारात्मक दर्ज किया गया।
सर्वेक्षण एजेंसी ब्लूमबर्ग न्यूज के मुताबिक अर्थशास्त्रियों ने वार्षिक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में विकास की दर 3.2 फीसदी रहने का अनुमान लगाया था। पिछले वर्ष के दौरान दुनिया की इस सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में 0.7 फीसदी की नकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई थी।
अर्थव्यवस्था में यह विकास विभिन्न कंपनियों के मुनाफा कमाने और आवास व उपभोक्ता खर्च सेक्टर में स्थिरता के कारण दर्ज किया गया है। एक साल पहले अधिकतर कंपनियां दिवालिया होने के कगार पर थीं।
वाणिज्य विभाग के मुताबिक उच्च उपभोक्ता मांग, निर्यात, सरकारी खर्च और कंपनियों की सूची में वृद्धि के अलावा आवास बाजार में सुधार के कारण यह वृद्धि दर्ज की गई।
गुरुवार को जारी आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि तीसरी तिमाही में गैर टिकाऊ वस्तुओं जैसे खाद्य और कपड़ों पर उभोक्ताओं का खर्च मात्र दो फीसदी बढ़ा है। बाजार में रोजगार की स्थिति में सुधार न होने के कारण अमेरिकी नागरिक अधिक खर्च करने से परहेज कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications