महाराष्ट्र में विभागों के बंटवारे पर कांग्रेस-राकांपा में खींचतान जारी
केंद्रीय कृषि मंत्री व राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के आवास पर इस सिलसिले में हुई बैठक में रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल, खुद शरद पवार और नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल मौजूद थे।
बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में प्रफुल्ल पटेल ने कहा, "अगले दो-एक दिनों में सरकार बन जाएगी। 10 साल हमने जैसी सरकार चलाई थी वैसी ही सरकार फिर चलाएंगे। अच्छी सरकार देने का प्रयास पहले भी हुआ है और आगे भी होगा। इसी विषय पर हम चर्चा कर रहे थे।"
उल्लेखनीय है कि विभागों के बंटवारे को लेकर इससे पहले भी दोनों दलों के नेता वार्ता कर चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक राकांपा गृह, वित्त और राजस्व सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखना चाहती है लेकिन कांग्रेस इन विभागों को राकांपा को देने के लिए राजी नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications