बिहार में आक्रोशित भीड़ ने थाना फूंका, 5 पुलिसकर्मी घायल (लीड-1)
मधुबनी की पुलिस अधीक्षक मंजू झा ने बताया कि आक्रोशित लोगों ने पहले थाना फूंका। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासीय परिसर में लूटपाट की और थाने में तैनात पुलिसकर्मियों से मारपीट भी की। उन्होंने बताया कि इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भेज दिया गया है।
झा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि थाने में आग लगाने तथा पुलिस के आवासीय परिसर में लूटपाट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विश्राम दास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, "लखनपुर थाना क्षेत्र के बेड़मा गांव का रहने वाले 15 वर्षीय मोहम्मद शफीक की मौत थाना के नजदीक ही एक सड़क दुर्घटना में हो गई। इसके बाद वहां पहुंचे लोगों ने पहले यहां के मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और बाद में झंझारपुर थाना परिसर में आग लगा दी।"
दास के मुताबिक इस आगजनी में थाने में रखा सभी फर्नीचर और कागजात जलकर राख हो गए और थाना भवन को भी काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications