झारखण्ड में भाजपा-जद (यू) गठबंधन पर स्थिति स्पष्ट नहीं
दोनों ही दलों के बिहार के नेता गठबंधन जारी रखने के पक्ष में हैं जबकि झारखण्ड इकाई के नेता इससे सहमत नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि झारखण्ड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवम्बर से पांच चरणों में मतदान होने हैं।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "झारखण्ड की स्थिति बिहार से भिन्न है। यहां भाजपा मजबूत स्थिति में है जबकि जद (यू) की कुछ विधानसभा क्षेत्रों में ही उपस्थिति मात्र है। हम उन्हें पांच से सात सीट दे सकते हैं।"
वर्ष 2005 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जद (यू) को 12 सीटें दी थी। उक्त नेता ने कहा, "वर्ष 2005 को भूल जाइए। स्थितियां बहुत परिवर्तित हो चुकी हैं। हम उन्हें सात से अधिक सीटें नहीं दे सकते।"
बहरहाल, जद (यू) अन्य विकल्पों की भी तलाश में है। पार्टी के झारखण्ड प्रभारी भीम सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम अन्य विकल्पों पर भी नजर रखे हुए हैं। अन्य पार्टियों से हम संपर्क में हैं। झारखण्ड के भाजपा नेताओं ने कहा है कि वे विधानसभा चुनाव अकेले लड़ना चाहते हैं। हमने कभी ऐसा नहीं कहा।"
सूत्रों के मुताबिक झारखण्ड में भाजपा के साथ गठबंधन जारी रहेगा या नहीं इसका फैसला अगले कुछ दिनों में पटना में पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक बैठक में लिया जाएगा।
ज्ञात हो कि लोकसभा चुनाव भी दोनों दलों ने साथ मिलकर लड़ा था। वर्ष 2005 का विधानसभा चुनाव भी दोनों दलों ने मिलकर लड़ा था। इस चुनाव में भाजपा 30 सीटों पर विजयी रही थी जबकि जद (यू) को छह सीटें मिली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications