विश्वभर में प्रदर्शित हुई 'दिस इज इट'
लास एंजेलिस, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिवंगत पॉप गायक माइकल जैक्सन की मृत्यु के चार महीने बाद उनके अंतिम दिनों पर केंद्रित वृत्तचित्र 'दिस इज इट' का मंगलवार को विश्वभर में प्रदर्शन हो गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक वृत्तचित्र का पहला आधिकारिक प्रदर्शन मंगलवार की दोपहर लास एंजेलिस के 'नोकिया थियेटर' में हुआ। इसके साथ ही बेल्जीयम, बोलीविया, ब्राजील, डेनमार्क, जर्मनी, हॉलैंड, हंगरी, कोरिया, नॉर्वे, पेरू, पोलैंड, स्लोवाकिया, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, स्विटजरलैंड, उरुग्वे, ब्रिटेन और न्यूयॉर्क सिटी में भी 18 स्थानों पर वृत्तचित्र के प्रदर्शन हुए।
यह वृत्तचित्र पॉप संगीत के बादशाह माइकल जैक्सन के लंदन में होने वाले संगीत समारोहों से पहले किए गए अभ्यासों की झलकियों पर केंद्रित है। लंबे समय तक जैक्सन के साथ काम करते रहे और उनकी मंचीय प्रस्तुतियों का निर्देशन करते रहे कैनी ओर्टेगा ने इस वृत्तचित्र को बनाया है। वृत्तचित्र के सभी अधिकार सोनी पिक्चर्स के पास हैं।
जैक्सन के कुछ प्रशंसकों ने एक नई वेबसाइट 'दिस इज नोट इट डॉट कॉम' के जरिए इस वृत्तचित्र के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications