पेशावर बम विस्फोट में 87 मरे, 200 घायल (लीड-4)
यह विस्फोट अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के पाकिस्तान पहुंचने के कुछ देर बाद हुआ। वह तीन दिन के पाकिस्तान दौरे पर हैं।
ऐसा समझा जाता है कि अमेरिका की विदेश मंत्री बनने के बाद क्लिंटन के पहले दौरे के विरोधस्वरूप तालिबान आतंकवादियों ने पिछले कुछ दिनों से अपने हमले तेज कर दिए।
न्यूज इंटरनेशनल के अनुसार इस कार बम विस्फोट में अब तक 87 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक लोग घायल हैं।
विस्फोट की वजह से घनी बसाहट वाले मीना बाजार क्षेत्र की एक इमारत ढह गई और एक मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा। कई इमारतों की खिड़कियों के शीशे चटक गए और अनेक वाहन तथा 15 दुकानें जलकर राख हो गईं।
धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज पूरे पेशावर में सुनी गई। मीना बाजार महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय है और बताया जाता है कि मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं हैं।
विस्फोट के कारण उठा धूल का गुबार बैठते ही दुकानदार घायलों की मदद के लिए आगे आए। घायलों में बच्चे भी हैं। दुकानदारों ने जीवित बचे लोगों की तलाश के लिए मलबा हटाने के काम में भी सुरक्षाकर्मियों की मदद की। घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बम निरोधक दस्ते के अनुसार यह विस्फोट कार बम से हुआ। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से खबर दी है कि एक कार में धमाके के बाद ये मौतें हुइर्ं और तबाही मची। विस्फोट के बाद पेशावर के सभी बाजार बंद करा दिए गए।
अस्पतालों में चिकित्सक गंभीर रूप से घायलों के इलाज में जुटे हैं। पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने विस्फोट की निंदा की है। पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के मुख्यमंत्री अमीर हैदर खान होती ने विस्फोट की जांच के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि विगत पांच अक्टूबर को इस्लामाबाद में संयुक्त राष्ट्र खाद्य कार्यक्रम के दफ्तर को निशाना बनाने की घटना के बाद से अब तक पाकिस्तान में कई आतंकवादी वारदातें हो चुकी हैं जिनमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं।
पाकिस्तान में पिछले पांच अक्टूबर से जारी सिलसिलेवार बम विस्फोटों में इस्लामाबाद, लाहौर और पेशावर में करीब 200 लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications