असम में हो सकते हैं आत्मघाती दस्तों के हमले
गुवाहाटी, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक असम के दो अलगाववादी समूहों ने पुलिस मुख्यालयों सहित यहां के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में आतंकवादी हमले करने के लिए आत्मघाती दस्ते बनाने की योजना बनाई है।
असम गृह विभाग की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रतिबंधित 'नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड' (एनडीएफबी) और 'युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम' (उल्फा) के बड़े नेताओं ने पिछले महीने बांग्लादेश में किसी जगह मुलाकात कर आतंकवादी हमलों की रूप-रेखा तैयार की है।
रिपोर्ट के मुताबिक उनकी योजनाओं में सड़क और रेल पुलों को उड़ाने के साथ पुलिस मुख्यालयों को आत्मघाती हमलों का लक्ष्य बनाने की योजना है।
गृह विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, "पाकिस्तान में तालिबान प्रायोजित आत्मघाती हमलों से प्रेरणा लेते हुए एनडीएफबी और उल्फा आने वाले कुछ दिनों में जेहादियों की मदद से असम पुलिस मुख्यालयों और विशेष शाखा मुख्यालयों पर आत्मघाती हमलों की योजना है।"
रिपोर्ट में एनडीएफबी-उल्फा की गुवाहाटी की ब्रह्मपुत्र नदी पर बने सराईघाट सड़क व रेल पुल उड़ाने की संयुक्त योजना के प्रति आगाह किया गया है। यह पुल असम को शेष भारत से जोड़ने वाली मुख्य जीवन-रेखा है।
रिपोर्ट में आगाह करते हुए लिखा, "विस्फोटकों से भरे तेल के टैंकर में विस्फोट के जरिए सराईघाट पुल को उड़ाने की योजना है।"
यह रिपोर्ट खुफिया विभाग की जानकारियों और आत्मसर्मपण करने वाले एक एनडीएफबी नेता के पुलिस पूछताछ के दौरान दी गई सूचनाओं पर आधारित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications