बदायूं में 4 कछुआ तस्कर गिरफ्तार
जिले के पुलिस अधीक्षक तरूण गाबा ने बुधवार को आईएएनएस को बताया," पुलिस ने गश्त के दौरान बगरैन इलाके में मंगलवार देर रात धर्मपाल, जगपाल, जगवीर और इंद्रपाल को कछुओं के साथ गिरफ्तार किया।"
बगरैन चौकी प्रभारी विजय सिंह काजला ने संवाददाताओं को बताया, " तस्करों के कब्जे से 12 जिंदा कछुए बरामद किए गए हैं जो दुर्लभ भारतीय टेंट प्रजाति के हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि उनके चार साथी चार बोरियों में करीब 90 कछुए (इसी प्रजाति के) लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।"
काजला के मुताबिक पकड़े गए लोगों ने स्वीकार किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कछुओं को पकड़कर उन्हें कोलकाता व अन्य दूसरे राज्यों (मध्य प्रदेश और बिहार) में बेचते थे। चारों बिसौली के रहने वाले हैं और पिछले पांच साल से इस धंधे मे लिप्त हैं। कछुओं के अलावा वे दूसरे दुर्लभ वन्यजीवों (तेंदुआ, मोर, आदि) के मांस और खाल की भी तस्करी करते हैं।
काजला ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्करों से उनके संपर्को के बारे में पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications