हिमाचल की पोंग डैम झील में शुरू हुई प्रवासी पक्षियों की आमद
पोंग डैम (हिमाचल प्रदेश), 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। शरद ऋतु की शुरुआत के साथ ही मध्य और उत्तरी एशिया से हजारों प्रवासी पक्षी अपने वार्षिक प्रवास के लिए हिमाचल प्रदेश की पोंग डैम झील पहुंचने लगे हैं।
सर्दी आने के साथ घास से भरे दलदल और पेड़-पौधों व जीव-जंतुओं की उपस्थिति वाली कांगड़ा घाटी में पक्षियों के चहचहाने और पंख फड़फड़ाने की आवाजें गूंजने लगी हैं।
प्रखंड वन अधिकारी (वन्यजीव) एस. के. गुलेरिया ने आईएएनएस से कहा, "इन दिनों पोंग डैम क्षेत्र में 10 प्रजातियों के करीब 10,000 प्रवासी पक्षियों का डेरा है। तापमान गिरने और उनके मूल निवास स्थानों की झीलों के जमने के साथ यहां इनकी संख्या बढ़ती जाएगी।"
उन्होंने कहा, "अब तक जो पक्षी आ चुके हैं उनमें 'कूट', 'कॉमन पोचार्ड', 'कॉमन टील', 'उत्तरी पिनटेल', 'बार-हेडेड गूस', 'टफ्टेड डक', 'लार्ज कोरमोरेंट' और 'रडी शैल डक' शामिल हैं। नागरोटा सूिरयान, बुडलाधा और संसारपुर के दलदल के निकट इन पक्षियों का आगमन हुआ है।"
राज्य वन विभाग द्वारा की गई एक गणना के मुताबिक पिछली सर्दी में 30 जनवरी से एक फरवरी 2009 तक यहां 89 प्रजातियों के पानी में रहने वाले 95,000 पक्षी आए थे।
सितम्बर के आखिर में इन पक्षियों का आना शुरू होता है और ये यहां मार्च तक रहते हैं।
पोंग डैम के रेंज अधिकारी डी. एस. डडवाल के मुताबिक पिछले वर्षो की अपेक्षा इस साल यहां झील में पानी कम हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications