पारा गिरने के साथ दिल्लीवासियों ने किया सर्दियों का स्वागत
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को पारे के और नीचे जाने से तापमान में आई कमी के कारण ठंडक और बढ़ गई। मौसम के इस बदलाव के चलते सर्दी और जुकाम के शिकार हुए दिल्लीवासी शरद ऋतु की शुरुआत का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
'भारतीय मौसम-विज्ञान विभाग' (आईएमडी) के मुताबिक बुधवार तड़के न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि औसत से तीन डिग्री नीचे है।
एक आईएमडी अधिकारी का कहना है, "मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और आज इससे थोड़ा कम तापमान दर्ज किया गया है। अब तापमान में लगातार गिरावट होगी।"
दिन चढ़ने के साथ अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।
मौसम में हुए बदलाव का आनंद ले रहीं एक बैंककर्मी राधिका मेनन कहती हैं, "मैं इस मौसम को पसंद करती हूं। यद्यपि दोपहर में मौसम गर्म होता है लेकिन शामें खुशनुमा होती हैं।"
घर से कार्यालय के लिए निकले अशोक दास कहते हैं, "मौसम में हुए बदलाव की वजह से कार्यस्थल पर कई लोगों को खांसी और सर्दी की परेशानी रहती है लेकिन कोई भी शिकायत नहीं करता। यह गजब का मौसम है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications