नक्सली हमले के बाद छत्तीसगढ़ की लौह खदानों की सुरक्षा बढ़ाई गई (लीड-1)
दंतेवाड़ा जिले में एनएमडीसी के सहायक महाप्रबंधक एस.पी.हिमांशु ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "नक्सली हमलों का मुकाबला करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बैलाडीला पहाड़ी पर स्थित एनएमडीसी की लौह अयस्क खदानों की सुरक्षा बढ़ा दी है।"
हिमांशु ने कहा है कि रविवार के हमले के बाद भी खनन की गतिविधियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
ज्ञात हो कि रविवार की शाम हुए एक विस्फोट में सीआईएसएफ के चार जवानों की मौत हो गई थी और उनके दो साथी घायल हो गए थे। यह हादसा उस समय हुआ था, जब सीआईएसएफ जवान अपने वाहन में सवार होकर जा रहे थे और वाहन नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया। यह घटना दंतेवाड़ा के बचेली इलाके में स्थित खदान संख्या-10 के ठीक बाहर घटी।
इसके पहले एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस से कहा था, "हाल के दिनों में हमें पर्याप्त खुफिया जानकारियां प्राप्त हुई है। जानकारी के मुताबिक नक्सली रायपुर सहित अन्य शहरी क्षेत्रों के महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमला करने की फिराक में हैं ताकि उनके खिलाफ जारी कार्रवाई को कमजोर किया जा सके।"
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल आने वाले सप्ताहों में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।
अधिकारी ने कहा, "शहरी क्षेत्र में गंभीर खतरे को ध्यान में रखते हुए किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पिछले दिनों कई कदम उठाए गए हैं। आतंकवाद निरोधी दस्ते को हमेशा तैयार रखने के अलावा रायपुर में राज्य सचिवालय, पुलिस मुख्यालय और मुख्यमंत्री आवास आदि की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications