भारत, रूस, चीन की त्रिपक्षीय बैठक बेंगलुरू में शुरू
बेंगुलरू, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। आधारभूत संरचना और ऊर्जा सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापार संभावनाओं की तलाश के लिए रूस, भारत और चीन (आरआईसी) की नौवीं त्रिपक्षीय बैठक मंगलवार को बेंगलुरू में आरंभ हुई।
आईटी केंद्र बेंगलुरू में करीब 23 वर्षो के बाद कोई बड़ी अंतर्राष्ट्रीय बैठक आयोजित हो रही है। इससे पहले नवंबर 1986 में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के दूसरे शिखर सम्मेलन का आयोजन बेंगलुरू में हुआ था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने सोमवार शाम को संवाददाताओं को बताया कि आरआईसी देशों के विदेश मंत्री आपसी लाभ के लिए आधारभूत संरचना, ऊर्जा, रसायन, पेट्रोकेमिकल और नैनो-टेक्न ोलॉजी के क्षेत्र में व्यापारिक संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा, रूसी विदेश मंत्री सेर्गेइ लावरोव और चीन के विदेश मंत्री यांग जेइची क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का अदान-प्रदान करेंगे।
प्रकाश ने बताया कि जलवायु परिवर्तन, विश्व व्यापार और वैश्विक वित्तीय संकट जैसे मुद्दे भी वार्ता के एजेंडे में शामिल हैं।
दो घंटे लंबी वार्ता के बाद तीनों विदेश मंत्री एक संयुक्त घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे, जिसमें वैश्विक मामलों में अधिक प्रभावी भूमिका के लिए आपसी सहयोग पर बल दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications