झारखण्ड में तेज हुई राजनीतिक सरगर्मी
कांग्रेस ने झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन के रास्ते बंद कर दिए हैं। अब वह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व वाली झारखण्ड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के साथ गठबंधन की संभावनाएं तलाश रही है।
नई दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस नेताओं की एक बैठक हुई जिसमें चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी के एक नेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम जेवीएम-पी से गठबंधन के खिलाफ नहीं है। हम उन्हें लगभग 20 सीटें दे सकते हैं। आगे का फैसला मरांडी को करना है।"
मरांडी को हालांकि कांग्रेस की यह पेशकश मंजूर नहीं है। वह लगभग आधी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहते हैं।
जेवीएम-पी के महासचिव प्रदीप यादव ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम कांग्रेस और राजद से बातचीत कर रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं दो दिनों में गठबंधन पर फैसला हो जाएगा।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह अकेले चुनाव लड़ेगी।
झामुमो ने भी स्पष्ट कर दिया है कि वह विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगा और किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications