महरौली विस्फोट में वांछित बांग्लादेशी आतंकी गिरफ्तार
महबूब (26) और मुनीर (25) को दक्षिणी दिल्ली इलाके में निजामुद्दीन फ्लाईओवर के पास सोमवार को लगभग अपराह्न् चार बजे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के पास से गोलियों से भरी एक पिस्तौल और एक चाकू बरामद किया है।
महबूब ढाका का रहने वाला है और मुनीर दक्षिणी दिल्ली की निजामुद्दीन बस्ती का निवासी है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी दिल्ली) एच.जी.एस.धालीवाल ने कहा है कि लगभग तीन वर्ष पहले महबूब बांग्लादेश में आतंकवाद से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद वह भारत भाग आया और यहां मुनीर के साथ उसका संपर्क हुआ। मुनीर पश्चिमी दिल्ली में हत्या और लूट के एक मामले में पहले से दोषी करार दिया जा चुका है।
ज्ञात हो कि 27 सितंबर 2008 को महरौली में हुए विस्फोट में दो व्यक्ति मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे। धालीवाल ने कहा, "कुछ बांग्लादेशी अपराधियों से पूछताछ की गई और उनकी गतिविधियों की जांच की गई।"
धालीवाल ने कहा, "इन अपराधियों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि एक बांग्लादेशी आतंकी दिल्ली में पनाह लिए हुए है और वह निजामुद्दीन इलाके में आने वाला है। उसके बाद महबूब को मुनीर के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications