श्रद्धालुओं को पाकिस्तान न जाने की सलाह (लीड-1)
गृह मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में लगातार हो रहे आतंकी हमलों को देखते हुए भारतीय तीर्थ यात्रियों को पाकिस्तान जाने की सलाह देने की स्थिति नहीं है। पाकिस्तान में सिखों के सभी गुरुद्वारे पंजाब प्रांत में ही हैं।
बयान में कहा गया है, "सरकार सभी भारतीयों को सलाह देती है कि जब तक सुरक्षा हालात ठीक नहीं हो जाते, तब तक वे पाकिस्तान न जाएं।"
लेकिन सिख पंथ की सर्वोच्च संस्था एसजीपीसी ने अगले सप्ताह गुरु नानक देव की जयंती पर आयोजित किए जाने वाले समारोहों में हिस्सा लेने के इच्छुक सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान जाने की अनुमति प्रदान करने हेतु आवेदन किया है।
एसजीपीसी के अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने आईएएनएस से मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान यात्रा एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है।
मक्कड़ ने कहा, "हम इस बात को समझते हैं कि सरकार ने पाकिस्तान के खराब हालात के मद्देनजर यात्रा संबंधी निर्देश जारी किए हैं। वहां कुछ भी हो सकता है। लेकिन यदि सरकार इस बात को महसूस करती है कि पाकिस्तान असुरक्षित है तो वहां की हर तरह की यात्रा पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए।"
इस्लामाबाद में गत पांच अक्टूबर के बाद से जारी आतंकी हिंसा में अब तक करीब 200 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications