ममता ने चिदम्बरम से अपहृत पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी मांगी (लीड-1)
चिदम्बरम से मुलाकात के बाद पत्रकारों से चर्चा में बनर्जी ने कहा, "अपहृत दोनों कांस्टेबलों के परिवार के सदस्यों के साथ मैंने गृह मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वह इस घटना से परेशान हैं और उतने ही चिंतित हैं जितने कि हम हैं। कानून-व्यवस्था हालांकि राज्य का विषय है, बावजूद इसके उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।"
उल्लेखनीय है कि गत 30 जुलाई को पश्चिमी मिदनापुर जिले से कंचन गोराई और शब्बीर अली मुल्लाह को नक्सलियों ने अगवा कर लिया था। दोनों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
गत शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान दोनों कांस्टेबलों के मारे जाने के संबंध में एक बयान दिया था। उनके इस बयान से पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई। मुख्यमंत्री और अधिकारियों ने हालांकि बाद में स्पष्ट किया कि उनका बयान दोनों कांस्टेबलों के संदर्भ में नहीं था।
मुख्यमंत्री पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, "मुख्यमंत्री ने देश को गुमराह किया है। उन्होंने सच्चाई को तोड़मरोड़ कर पेश किया और जनता तथा अपहृत पुलिसकर्मियों के परिवारवालों को गुमराह किया। यह चिंता की बात है।"
बनर्जी ने यह स्पष्टीकरण भी मांगा कि नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई के दौरान इन दोनों पुलिसकर्मियों को अगवा कैसे कर लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications