राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किफायती होटलों का होगा कायापलट
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में वर्ष 2010 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर पहाड़गंज और करोल बाग इलाके में स्थित किफायती होटलों (बजट होटल) का कायापलट करने की तैयारी की जा चुकी है।
राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर राजधानी में बड़ी संख्या में होटलों की जरूरत है लेकिन समय कम होने के कारण नए होटलों का निर्माण नहीं किया जा सकता। ऐसे में सरकार ने पहाड़गंज और करोल बाग इलाके में स्थित सैकड़ों सस्ते और किफायती होटलों को नई शक्ल देने का फैसला किया है।
इसके तहत इस इलाके में मकड़जाल बने केबल टीवी, इंटरनेट और टेलीफोन के तारों को पूरी तरह हटा दिया जाएगा। साथ ही पर्यटन मंत्रालय ने किफायती होटलों के आसपास के माहौल को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाने की तैयारी कर ली है।
सरकार को उम्मीद है कि इन होटलों की मदद से अगले साल यहां पहुंचने वाले दर्शकों और अतिथियों के लिए रहने का समुचित इंतजाम किया जा सकेगा।
पर्यटन मंत्रालय ने अपने अभियान के तहत ऐसे 500 होटलों की पहचान की है, जिनके आसपास का माहौल रहने योग्य बनाया जाना है। इन होटलों के माध्यम से 11,000 कमरे हासिल किए जा सकेंगे।
इससे इस इलाके में रहने वाले लोगों में खुशी है। इस इलाके को पूरी तरह दुरुस्त करने का काम अगले साल जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके चार महीने बाद यानी अक्टूबर में राष्ट्रमंडल खेलोंे का आयोजन होना है।
पर्यटन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "करोल बाग और पहाड़गंज में स्थित होटलों और रेस्तरां की हालत सुधारे जाने की जरूरत है। हमने होटल मालिकों से कहा है कि हम होटल के बाहर की स्थिति सुधारने का काम करेंगे और वे होटल के अंदर की स्थिति दुरुस्त करें। होटल मालिकों को विशेष तौर पर लिफ्ट लगवाने के लिए कहा गया है।"
इन इलाकों के होटल व्यवसायी इसे अपने लिए स्वर्णिम अवसर के तौर पर देख रहे हैं। पहाड़गंज स्थित थ्री-स्टार शिवा होटल के मालिक नरेश कुमार कहते हैं, "पहाड़गंज दुनिया भर में अपने किफायती होटलों के लिए प्रसिद्ध है। हमारे कमरे पूरी तरह वाताकुनूलित हैं और अब सरकार के प्रयास से हम अपने होटलों को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार कर रहे हैं।"
नरेश कुमार ने बताया कि सरकार न सिर्फ इस इलाके को स्वच्छ बनाने का काम कर रही है बल्कि वह रोजाना होटलों का मुआयना करने के साथ-साथ होटल कर्मियों को विदेशी मेहमानों की अच्छी मेहमाननवाजी के लिए प्रशिक्षित भी कर रही है।
पर्यटन सचिव सुदीप बनर्जी ने इन इलाकों का जायजा लेने के बाद स्वच्छता अभियान शुरू करने के लिए दिल्ली नगर निगम को 60 लाख रुपये मुहैया कराए हैं। इन पैसों से इस इलाके में एक बहुस्तरीय पार्किं ग क्षेत्र भी बनाया जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications