प्रोत्साहन पैकेज जारी रहेगा : मुखर्जी (लीड-1)
मुखर्जी ने मौद्रिक नीति की समीक्षा को आशा के अनुरूप बताते हुए कहा कि यह सरकार की राजकोषीय नीति से मिलती जुलती है। समीक्षा में महत्वपूर्ण दरों को अपरिवर्तित रखा गया है।
वित्त मंत्री ने कहा, "जब तक अर्थव्यवस्था पूरी तरह सुधार की पटरी पर नहीं आ जाती तब तक प्रोत्साहन जारी रहेगा।"
मुंबई में आरबीआई के गवर्नर डी. सुब्बाराव द्वारा नीति जारी किए जाने के बाद राजधानी में मुखर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैं रिजर्व बैंक के मूल्यांकन से सहमत हूं।"
यद्यपि, मुखर्जी ने कहा कि वह अर्थव्यवस्था के 6.25-6.75 फीसदी की दर से विकास करने के प्रधानमंत्री आर्थिक सलाहकार परिषद के मूल्यांकन से ज्यादा सहमत हैं। आरबीआई ने विकास की दर छह फीसदी रहने का अनुमान लगाया है।
वित्त मंत्री ने कहा, "दरों के बारे में रिजर्व बैंक के साथ पहले चर्चा की गई थी। कुछ दिन पहले आरबीआई के गवर्नर मुझसे मिले थे। हमने चर्चा की और उन्होंने संकेत दिया था कि दरों में कोई बदलाव नहीं होगा।"
आरबीआई ने सांविधिक तरलता अनुपात (एसएलआर) में 100 आधार अंकों यानी एक फीसदी की बढ़ोतरी की है। यद्यपि अन्य किसी दर में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
मौद्रिक नीति समीक्षा के बारे में वित्त सचिव अशोक चावला ने कहा कि जो घोषणाएं की गई हैं, उनको लेकर सरकार की आशा भी यही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications