अब ईमेल पर नहीं, काम पर ध्यान देंगे रामकृष्णन
लंदन, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय मूल के वैज्ञानिक और नोबेल पुरस्कार विजेता वेंकटरामन रामाकृष्णन ने कहा है कि उन्हें खुशी है कि अब बड़ी संख्या में ईमेल नहीं मिल रहे, अब वह केवल काम पर ध्यान दे रहे हैं।
रामाकृष्णन को रसायन शास्त्र का वर्ष 2009 नोबेल पुरस्कार मिला है। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "अधिक संख्या में ईमेल मुझे विचलित करते हैं लेकिन अब मुझे अधिक ईमेल नहीं मिल रहे हैं। अब मैं केवल अपना काम करना चाहता हूं।"
राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल के सम्मान में सोमवार को आयोजित रात्रि भोज में रामाकृष्णन ने भी हिस्सा लिया। नोबेल पुरस्कार जीतने पर राष्ट्रपति ने रामाकृष्णन को बधाई भी दी।
राष्ट्रपति ने कहा, "डॉ.वेंकटरामन रामाकृष्णन को रसायन शास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार दिए जाने की खबर से हमें काफी खुशी हुई। आज वह यहां हैं और हम सभी उन्हें बधाई देते हैं।"
रसायन शास्त्र के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नोबेल पुरस्कार रामाकृष्णन को संयुक्त रूप से मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications