मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद का विस्तार बुधवार को : शिवराज
भोपाल, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 28 अक्टूबर को वह अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार करेंगे। इस विस्तार में कितने विधायकों को मंत्रिपरिषद में स्थान मिलेगा, यह अभी तय नहीं है।
चौहान ने म्ांगलवार को संवाददाताओं से चर्चा के दौरान मंत्रिपरिषद विस्तार की तारीख का ऐलान कर लंबे समय से चली आ रही अटकलों पर विराम लगा दिया। उन्होंने बताया कि कितने मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी यह अभी तय नहीं है, इतना जरूर तय कर लिया गया है कि पहली बार निर्वाचित होकर आए विधायकों को मंत्री नहीं बनाया जाएगा। दागियों को मंत्री बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई भी दागी नहीं है।
मंत्रिपरिषद के विस्तार को लेकर मंगलवार को चौहान की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से चर्चा हुई थी। बैठक का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि किसे मंत्रिपरिषद में जगह मिलेगी अभी यह तय नहीं है।
मालूम हो कि शिवराज की मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित कुल 23 सदस्य हैं, जिनमें 14 केबिनेट, चार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और चार राज्य मंत्री हैं। मत्रिमंडल में 12 मंत्री और शामिल किए जा सकते हैं जबकि दावेदारों की संख्या 12 से कहीं ज्यादा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications