अफ़ग़ान चुनाव प्रमुख को हटाने की माँग

अफ़ग़ानिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर में हामिद करज़ई को चुनौती देनेवाले उम्मीदवार अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने मतदान से पहले देश के चुनाव आयोग प्रमुख को बर्ख़ास्त करने की माँग की है.
अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने काबुल में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अफ़ग़ानिस्तान के स्वतंत्र चुनाव आयोग के अध्यक्ष अज़ीज़ुल्ला लोदिन की की विश्ववसनीयता ख़त्म हो चुकी है.
उन्होंने कहा,"चुनाव आयोग प्रमुख की विश्वसनीयता ख़त्म हो चुकी है. अब चुनाव आयोग से किसी और अधिकारी को उनकी कुर्सी पर बिठाया जाना चाहिए."
अफ़ग़ानिस्तान में पहले दौर के चुनाव के लिए चुनाव आयोग के अधिकारियों की नियुक्ति राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने की थी लेकिन इस चुनाव में बड़े पैमाने पर धाँधली होने की बात उठी जिसे जाँच में सही भी पाया गया.
अफ़ग़ानिस्तान में सात नवंबर को दूसरे दौर का चुनाव होना है क्योंकि पहले दौर के चुनाव में कोई भी प्रत्याशी 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त नहीं कर पाया.
पहले दौर के चुनाव में प्रारंभिक मतगणना में तो राष्ट्रपति हामिद करज़ई को जीतता हुआ दिखाया जा रहा था लेकिन फिर धाँधली के आरोप के बाद हुई जाँच में बड़े पैमाने पर मतदान को रद्द कर दिया गया जिससे करज़ई बहुमत हासिल नहीं कर सके.
अफ़ग़ानिस्तान में चुनाव प्रावधानों के तहत पहले दौर के चुनाव में निर्णय नहीं होने की स्थिति में दूसरे दौर का चुनाव होता है जिसमें पहले दो नंबर पर रहनेवाले उम्मीदवारों के बीच मुक़ाबला होता है.
धाँधली के आरोपों की जाँच अफ़ग़ानिस्तान शिकायत आयोग ने की जिसे संयुक्त राष्ट्र का समर्थन प्राप्त था.
इस बीच अब्दुल्ला अब्दुल्ला और हामिद करज़ई ने सत्ता में साझेदारी के लिए किसी तरह का समझौता होने की संभावना से भी इनकार किया है.
दोनों उम्मीदवारों ने अमरीकी मीडिया से कहा कि वे दोनों दूसरे दौर के चुनाव के लिए तैयार हैं.
हामिद करज़ई ने एक अमरीकी टीवी चैनल से कहा कि किसी भी तरह का समझौता लोकतंत्र के अपमान के समान होगा.


Click it and Unblock the Notifications