'रातोंरात ध्वस्त नहीं हो सकता नक्सलियों का नेटवर्क'
कोलकाता, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों का मानना है कि राज्य में नक्सलियों के नेटवर्क को रातोंरात नहीं ध्वस्त किया जा सकता।
पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) सुरजीत कर पुराकायस्थ ने आईएएनएस से कहा, "लालगढ़ ऑपरेशन को अभी पूरी तरह सफल कहना उचित नहीं होगा। नक्सलियों का नेटवर्क एक रात में तबाह नहीं हो सकता और यह इतना आसान भी नहीं है। आप को कुछ और समय देना होगा।"
पश्चिम मिदनापुर के लालगढ़ क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चार महीनों से सुरक्षाबल अभियान चला रहे हैं। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों के नेटवर्क के बारे में जांच के सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं।
पुराकायस्थ ने कहा, "जांच का परिणाम संतोषजनक रहा है, विशेषत: नक्सली सरगना चत्रधर महतो की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट भी है।"
पिछले दिनों संकरैल में अगवा इंजीनियर की रिहाई के लिए नक्सलियो के छोड़े जाने के बाद राज्य में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली सरकार की खासी आलोचना झेलनी पड़ी।
राज्य के मुख्य सचिव अशोक मोहन चक्रवर्ती ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाएगी।
चक्रवर्ती ने कहा, "हम जरूरी सुरक्षा रणनीतियों को बनाने के लिए समुचित कदम उठा रहे हैं। पश्चिम मिदनापुर के सभी थानों पर सुरक्षा कड़ी की जाएगी।"
आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) के अतिरिक्त महानिदेशक राज कन्नौजिया ने आईएएनएस से कहा, "राज्य में नक्सली गतिविधियां चलाने के आरोप में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में इन लोगों से कई सुराग मिले हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications