गोमती एक्सप्रेस में दुर्व्यवहार के आरोप में 5 गिरफ्तार
इटावा के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के प्रभारी ए.के.सिंह ने आईएएनएस को बताया कि घटना सोमवार सुबह फफूंद और अछलदा स्टेशनों के बीच की है। गोमती एक्सप्रेस रेलगाड़ी में कुछ स्थानीय छात्रों ने कथित तौर पर चार लड़कियों से तमंचे की नोंक पर दुर्व्यवहार किया।
सिंह ने बताया कि लड़कियों ने रेलगाड़ी में मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों से शिकायत की। इसके बाद उन्होंने पांच युवकों (पंकज सिंह, संजीव, अरविंद, उमेश चंद्र और बृजेंद्र, सभी 24 वर्ष) को धर दबोचा। युवकों के 10 साथी मौके से फरार हो गए। इन छात्रों के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किया गया।
सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी युवक दिबियापुर के रहने वाले हैं और हर रोज वहां से इटावा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जाते हैं। उन्होंने कहा कि इनके साथियों की गिरफ्तारी के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications