मेरठ में बस में बैठी छात्रा की गोली मारकर हत्या
बताया जा रहा है कि छात्रा शमा खानम(22) बुलंदशहर से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में अपनी एमए की मार्कशीट लेने आई थी। वह विश्वविद्यालय से संबंधित मेरठ कॉलेज के एम.ए. की छात्रा थी।
मेरठ के पुलिस अधीक्षक(शहर) प्रबल प्रताप सिंह ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि बुलंदशहर के गुलावटी कस्बे की रहने वाली शमा खानम आज अपनी मां गुलजार खानम के साथ एम.ए की मार्कशीट लेने विश्वविद्यालय आई थी।
सिंह के मुताबिक बुलंदशहर लौटते समय शहर के शोहराफ गेट बस अड्डे पर मेरठ कॉलेज के ही अमित नाम के एक छात्र ने बस में बैठी शमा की कनपटी पर गोली मार दी। शमा को वहां से मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
आरोपी छात्र फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी छात्र की शमा से जान पहचान थी और पिछले कई दिनों से वह शमा को परेशान कर रहा था। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications