आस्ट्रेलिया में भारतीय पर हमला
पुलिस एपिंग में भारतीय व्यक्ति की बिना उकसावे के हुई पिटाई की घटना की जांच कर रही है। समाचार पत्र 'द एज' ने सोमवार को खबर दी है कि भारतीय व्यक्ति के सिर पर घूंसे मारे गए और उसकी पगड़ी फेंक दी गई।
पीड़ित व्यक्ति एपिंग रेलवे स्टेशन के समीप कूपर स्ट्रीट पर शनिवार रात सोया हुआ था, जब करीब 12.45 बजे एक बस वहां पहुंची। माना जा रहा है कि बस में सवार 17 से 19 वर्ष आयुवर्ग के पांच युवकों में से दो ने उसकी पिटाई की। उनके तीन सहयोगी हमले को रोकने का प्रयास कर रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार बस चालक (60 वर्ष) और एक यात्री (39 वर्ष) ने भी हमले को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद सभी युवक भाग गए। पीड़ित को मुंह पर चोटें आईं हैं।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हमले की लगातार हो रही घटनाओं से भारत चिंतित है। आस्ट्रेलिया ने भारतीय छात्रों का ध्यान रखने का आश्वासन दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications