हिरासत में युवक की संदिग्ध मौत की न्यायिक जांच होगी
रविवार को पिपलानी क्षेत्र में लूट की एक वारदात होने पर शहडोल निवासी रामजग सिंह और उसके साथी को हिरासत में लेकर गोविंदपुरा थाने में पूछताछ की थी और देर रात को उसकी कस्तूरबा अस्पताल में मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक शहडोल का रहने वाला रामजग इंदौर की एक निर्माण कंपनी में कार्यरत था और वह मोटर साइकिल से इंदौर जा रहा था, तभी भोपाल में पुलिस ने उसे पकड़ा लिया। पुलिस का कहना है कि चेतक मोबाइल लुटेरों की तलाश में जुटी थी तभी उसने दो मोटर साइकिल सवारों को रोकने की कोशिश की, तो वे भागे थे और मोटर साइकिल से गिरे भी थे। थाने लाकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था। वहीं दूसरी ओर थाने में कथित पिटाई की भी बात कही जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुचि श्रीवास्तव ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि पूछताछ के बाद रामजग को थाने से छोड़ दिया गया था और रास्ते में उसकी तबियत बिगड़ी। उसे इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। रामजग की संदिग्ध मौत की न्यायिक जांच कराई जाएगी पुलिस अधीक्षक की सिफारिश पर जिला प्रशासन ने जांच के आदेश किए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications