छात्र की मौत के बाद उड़ीसा में बंद
गौरतलब है कि एक पुलिस वाहन और इंजीनियरिंग के एक छात्र की मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में शनिवार को छात्र की मौत हो गई थी।
छात्र की मौत के बाद बोलांगीर कस्बे में छात्र हिंसा पर उतारू हो गए। इस दौरान गुस्साए सैकड़ों छात्रों ने लगभग आधा दर्जन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और पुलिस स्टेशन में भी तोड़फोड़ की।
भाराछासं की उड़ीसा शाखा के अध्यक्ष चिन्मय साहू ने कहा, " हमने छात्र की मौत के विरोध में पश्चिमी उड़ीसा में बंद रखा है। हमने सरकार को अपनी मांगों की सूची दी है। यदि सरकार हमारी मांगे पूरी करने में असफल होती है तो हम इस आंदोलन को राज्य के अन्य भागों में फैलाएंगे।"
उल्लेखनीय है कि पश्चिमी उड़ीसा के विभिन्न भागों में इस हड़ताल का असर पड़ा। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने संबलपुर, राउरकेला और झारसागुड़ा में रेलगाड़ियों को रोका जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान बोलांगीर में दुकानें, स्कूल और कालेज बंद रहे।
गौरतलब है कि रविवार को उड़ीसा सरकार ने उच्च न्यायालय के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से मामले की जांच कराने का आदेश दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications