भारत ने पाकिस्तान के आरोप को निराधार बताया
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को आईएएनएस से कहा, "पाकिस्तान का आरोप बिल्कुल निराधार है।"
सूत्रों ने कहा है, "भारत आतंकवाद से पीड़ित है। तालिबान को लेकर भारत का रुख सर्वविदित है और हम चाहते हैं कि पाकिस्तान उन आतंकी ढांचों को नष्ट करे जो भारत को निशाना बना रहे हैं।"
ज्ञात हो कि एक टीवी चैनल पर साक्षात्कार के दौरान पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने कहा था कि वह इस बात से पूरी तरह सहमत हैं कि भारत उन खास विरोधी एजेंसियों में शामिल है, जो पाकिस्तान में अस्थिरता पैदा करने के लिए तालिबान को मदद पहुंचा रही हैं।
मलिक से जब यह पूछा गया कि पाकिस्तान में तालिबान को मदद कौन पहुंचा रहा है, तो उन्होंने कहा, "कुछ खास विरोधी तत्व और खास विरोधी एजेंसियां पाकिस्तान के खिलाफ हैं, जो नहीं चाहतीं कि पाकिस्तान में स्थिरता कायम हो सके।"
मलिक से जब यह पूछा गया कि क्या विरोधी एजेंसियों में भारत है, इस पर उन्होंने कहा, "निश्चित रूप से, मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूं। मुझे इसमें जरा भी संदेह नहीं है। मैं बहुत खुले दिमाग का हूं। मैंने इस बारे में पूरा विवरण दिया है।"
मलिक ने कहा है, "यदि भारत के गृह मंत्री या कोई और इस मुद्दे पर मुझसे बहस करना चाहे तो मुझे इसमें बहुत खुशी होगी क्योंकि मैं जानता हूं कि मैं क्या कह रहा हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications