केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में परिवर्तन नहीं करेगा: विशेषज्ञ
अंतर्राष्ट्रीय निवेश बैंकर गोल्डमैन सैक्स ने एक बयान जारी कर कहा, "हम आम सहमति के अनुरूप 27 अक्टूबर को भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सभी दरों को अपरिवर्तित रखने की उम्मीद करते हैं।"
गोल्डमैन सैक्स इंडिया के उपाध्यक्ष और मुख्य अर्थशास्त्री तुषार पोद्दार के अनुसार, "हालांकि औद्योगिक उत्पादन के क्षेत्र में मजबूत वापसी हुई है और मुद्रास्फीति का दबाव ज्यादा नहीं है, हमें नहीं लगता कि आरबीआई अभी ब्याज दरों को बढ़ाने के लिए तैयार होगा।"
अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज की शोध शाखा मूडीज इकोनॉमी डॉट कॉम के अनुसार चूंकि अर्थव्यवस्था में सुधार अभी शुरुआती दौर में हैं, इसलिए आशा की जा सकती है कि केंद्रीय बैंक नीतिगत दरों में वृद्धि से बचेगा।
मूडीज इकोनॉमी डॉट कॉम के अनुसार 2010 की दूसरी तिमाही में आरबीआई नीतिगत दरों को बढ़ाना आरंभ कर सकता है।
एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (एसौचैम) ने आरबीआई से ब्याज दरों को कम से कम अगले अगले छह माह तक इसी स्तर पर बनाए रखने का आग्रह किया है जिससे आर्थिक विकास की दर तेज हो सके।
तीन महीने पहले चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में मौद्रिक नीति की समीक्षा में आरबीआई ने मुख्य दरों में कोई परिवर्तन नहीं किया था लेकिन उसने आगाह किया था कि मुद्रास्फीति की दर पांच प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
गौरतलब है कि वर्तमान में आरबीआई द्वारा तय दरों के अनुसार रेपो रेट 4.75 प्रतिशत, रिवर्स रेपो रेट 3.25 प्रतिशत, नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) पांच प्रतिशत और सांविधिक तरलता अनुपात (एसएलआर) 24 प्रतिशत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications