एएमयू छात्रों ने जाम किया दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग
करीब 600 की संख्या में एएमयू के छात्रों ने अपने साथी शाहनवाज की हत्या के विरोध में अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उग्र प्रदर्शन किया और रेल मार्ग अवरूद्ध कर दिया। इससे रेलमार्ग पर रेलगाड़ियों का परिचालन पूरी तरह से रूका हुआ है।
पुलिस के मुताबिक आक्रोशित छात्रों की मांग है कि हत्या के आरोपी हाजी कल्लू को उनके हवाले किया जाए, जिसे रविवार देर रात पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उपद्रवी छात्रों ने कई सार्वजनिक वाहनों में तोड़फोड़ की और मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट कर उनके कैमरे भी तोड़ डाले।
अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक (शहर) मान सिंह चौहान ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि हालात काबू करने पहुंची पुलिस से भी छात्रों ने हाथापाई की और उन पर पथराव किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के चोटिल होने की खबर नहीं है।
चौहान ने कहा कि छात्र पिछले दो घंटे से दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग जाम किए हुए हैं, जिससे इस रेलमार्ग पर रेलगाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह से ठप है।
उन्होंने कहा, "मौके पर त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) और प्रांतीय सशस्त्र कार्य बल (पीएसी) का टुकड़ियां तैनात है। स्थिति तनावपूर्ण है। छात्रों को समझ्झा-बुझाकर रेलमार्ग खाली कराने के प्रयास जारी हैं।"
रेल अधिकारियों के मुताबिक अगर अगले एक या दो घंटे में रेलमार्ग खाली नहीं हुआ तो मुश्किलें शुरू हो जाएंगी। क्योंकि शाम पांच बजे के बाद से दिल्ली से छूटने वाली रेलगाड़ियों के आने का सिलसिला लगातार शुरू हो जाता है।
मालूम हो कि बिजनौर का रहने वाला शाहनवाज एएमयू में बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र था। वह रविवार रात शहर के एक होटल में खाना खाने गया था। वहां मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर उसका एक स्थानीय युवक हाजी कल्लू व उसके साथियों से मामूली विवाद हो गया। बहसबाजी में कल्लू ने शाहनवाज के ऊपर गोली चला दी। शाहनवाज को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
अलीगढ़ के पुलिस प्रमुख असीम अरुण ने संवाददाताओं को बताया कि कल्लू की निशानदेही पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications