व्यायाम से कम होगा ह्रदय संबंधी रोगों का खतरा
टोरंटो, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। तीन महीने के शारीरिक व्यायाम से मधुमेह से ग्रसित बुजुर्ग रोगियों की धमनियों में लचीलापन बढ़ाकर ह्रदय संबंधी रोगों और दिल के दौरे का खतरा कम हो जाता है। यह बात एक नए अध्ययन में सामने आई है।
'यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिटिश कोलंबिया' (यूबीसी) के अध्ययनकर्ता केनीथ मैडेन ने टाइप टू मधुमेह, उच्च रक्तचाप, रक्त में कोलेस्ट्रोल की उच्च मात्रा की शिकायत वाले 65 से 83 आयुवर्ग के लोगों पर अध्ययन कर इस बात का पता लगाने का प्रयास किया कि व्यायाम का उनकी धमनियों पर प्रभाव पड़ता है।
मैडेन ने कहना है कि शारीरिक सक्रियता या व्यायाम से धमनियों के कड़ेपन में कमी आती है और उनकी दीवारें अधिक लचीली हो जाती हैं।
अध्ययन में शामिल प्रतिभागियों में से जिन प्रतिभागियों के समूह ने व्यायाम किया उनकी धमनियों के लचीलेपन में वृद्धि देखी गई। मैडेन ने बताया कि तीन महीने के व्यायाम के बाद धमनियों के कड़ेपन में 15 से 20 प्रतिशत तक कमी देखी गई।
प्रतिभागियों को दो समूहों में रखा गया था। एक समूह के लोगों ने तीन महीने तक व्यायाम किया जबकि दूसरे समूह के लोगों ने बिल्कुल भी व्यायाम नहीं किया।
'हार्ट एंड स्ट्रोक फाउंडेशन' की सह-अध्ययनकर्ता बीथ एबरैमसन का कहना है कि किसी भी उम्र के युवाओं की तरह अधिक उम्र के लोगों के लिए भी सप्ताह के ज्यादातर दिनों में 30 से 60 मिनट अवधि तक की शारीरिक सक्रियता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए टहलना, बागवानी, गोल्फ खेलना, नृत्य, योग या ताई-चेई को अपनाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications