सहकर्मी की हत्या के विरोध में चिकित्सकों की हड़ताल
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की मणिपुर शाखा के अध्यक्ष ए. द्विजमणि ने आईएएनएस को बताया, "हमलोग अपने सहयोगी हूदरोम विनोद कुमार की हत्या के विरोध में बुधवार को दिन भर कामकाज बंद रखेंगे और तीन घंटे तक धरने पर बैठेंगे।"
गौरतलब है कि विष्णुपुर जिला अस्पताल के पूर्व मुख्य चिकित्साधिकारी 60 वर्षीय विनोद कुमार को 22 अक्टूबर को राजधानी इम्फाल के बाहरी इलाके में मृत पाया गया था।
द्विजमणि ने कहा कि चिकित्सकों को लगातार विभिन्न संगठनों द्वारा धमकाया जा रहा है। चिकित्सक सुरक्षित नहीं महसूस कर रहे हैं। एक चिकित्सक की हत्या के बाद चिकित्सक समुदाय की चिंता और भय दोनों बढ़ गए हैं।
सरकारी और निजी अस्पतालों के चिकित्सक बुधवार को कामकाज बंद रखेंगे। हालांकि चिकित्सकों ने आपातकालीन स्थितियों में अस्पतालों में उपस्थित रहने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने रविवार को आपातकालीन बैठक बुलाकर इस घटना की निंदा की और चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों को उचित सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications