आर्थिक संकट से निपटने में भारत की भूमिका चाहता है आसियान
आसियान सचिवालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक यहां सातवें भारत-आसियान सम्मेलन में शनिवार को 10 सदस्यीय क्षेत्रीय संगठन ने यह अपील की। सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किया।
बयान में कहा गया है कि आसियान के नेताओं ने कहा कि जी-20 के सदस्य के रूप में भारत वर्तमान वैश्विक वित्तीय और आर्थिक संकट के असर को कम करने के लिए विकसित और विकासशील देशों के बीच समन्वय बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
बयान में कहा गया है, "अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं में सुधार और वैश्विक अर्थव्यवस्था में शीघ्र तेजी लाने के लिए भी भारत आसियान के साथ काम कर सकता है।
आसियान ने भारत-आसियान के बीच संबंधों के 20 वर्ष पूरा होने पर वर्ष 2012 में एक शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में आयोजित करने के भारतीय प्रस्ताव का स्वागत किया।
बयान में कहा गया है कि भारत और आसियान ने सीमा पार की समस्याओं और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जाहिर की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications