क्रायोजेनिक इंजन का सफल प्रयोग इसरो के नए प्रमुख के लिए चुनौती
बेंगलुरू, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नए अध्यक्ष नामित किए गए के. राधाकृष्णन ने कहा है कि वर्ष के अंत तक स्वेदशी क्रायोजेनिक इंजन को जीएसएलवी के प्रक्षेपण के लिए तैयार करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वह 31 अक्टूबर को इसरो अध्यक्ष का पद संभालेंगे।
शीर्ष पद पर अपनी नियुक्ति के बारे में सुनने के तुरंत बाद उन्होंने यह बयान दिया। क्रायोजेनिक इंजन का सफल उपयोग भारत को विशिष्ट अंतरिक्ष क्लब में शामिल करा देगा। अभी तक यह क्षमता केवल अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस और जापान के पास है।
एक अधिकारी ने अपना नाम नहीं प्रकाशित करने के आग्रह के साथ कहा, "भू-स्थैतिक उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी-डी3) की अगली परीक्षण उड़ान नए अध्यक्ष के लिए चुनौती होगी क्योंकि स्वदेशी क्रायोजेनिक इंजन का पहली बार राकेट के ऊपरी चरण में उपयोग होगा।"
दिसम्बर में जीएसएलवी-डी3 को श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपित किए जाने का कार्यक्रम है। यह संचार उपग्रह जीसेट-4 को 36,000 किलोमीटर ऊपर भू-स्थैतिक कक्षा में स्थापित करेगा।
तिरूवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक राधाकृष्णन ने देश के पहले चंद्र अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications