छत्तीसगढ़ में सीआईएफ के 4 जवान शहीद, 4 नक्सली भी मारे गए (लीड-2)
दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए बारूदी सुरंग की जद में आने की वजह से सीआईएसएफ के चार जवान शहीद हो गए और दो अन्य घायल हो गए।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा ने आईएएनएस से कहा, "बैलाडीला पहाड़ी पर राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) के लौह अयस्क खान की सुरक्षा में सीआईएसएफ जवानों की तैनाती की गई थी। सीआईएसएफ जवानों को लेकर जा रहा वाहन विस्फोट की चपेट में आ गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि सीआईएसएफ का वाहन हवा में उछल गया।"
मिश्रा ने कहा कि इस हादसे में चार जवान शहीद हो गए और दो अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी बचेली शहर के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जवानों पर गोलीबारी करने के बाद नक्सली जंगलों में छुप गए।
उधर, बीजापुर और नारायणपुर जिले के जंगलों में रविवार सुबह नक्सलियों और पुलिस के बीच भारी गोलीबारी शुरू हुई जो कि देर शाम तक चली। इस दौरान चार नक्सली मारे गए। यहां से 15 किलो विस्फोटक पदार्थ भी बरामद किया गया।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक टी.जे.लौंगकुमार ने आईएएनएस से कहा, "हमारे जवानों ने बीजापुर जिले में दो स्थानों पर और नारायणपुर में एक स्थान पर सशस्त्र नक्सलियों को उनके ठिकानों पर घेर लिया और इस दौरान गोलीबारी में चार नक्सली मारे गए। "
पुलिस ने टिफिन बाक्स में रखे विस्फोटक पदार्थ भी बरामद किए हैं।
बस्तर क्षेत्र 40,000 वर्ग किलोमीटर में फैला है और यहां नक्सलियों का काफी प्रभाव है। नक्सली हिंसा में राज्य में वर्ष 2004 से 1500 लोगों की मौत हो चुकी है।
पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में अर्धसैनिक बलों के सहयोग से पुलिस अब नक्सलियों के ठिकानों पर छापे मारने की कार्रवाई कर रही है। बस्तर क्षेत्र में पांच जिले-दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और बस्तर आते हैं ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications