स्वाइन फ्लू से और 13 की मौत, मृतकों की संख्या 444 हुई (लीड-1)
पंजाब और मिजोरम में रविवार को इस बीमारी से एक-एक मरीज की मौत हो गई। दोनों राज्यों में मौत का यह पहला मामला है। देश में स्वाइन फ्लू से पहली मौत महाराष्ट्र के पुणे में 3 अगस्त को हुई थी।
शुक्रवार से लेकर अब तक महाराष्ट्र में इस बीमारी से 9 लोगों की मौत हो गई। इस तरह राज्य में मृतकों की संख्या 192 हो गई।
केरल में दो और मरीजों मौत के साथ ही यहां मृतकों की संख्या 14 हो गई।
रविवार को स्वाइन फ्लू के 49 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह देश में पीड़ितों की संख्या 13370 हो गई।
रविवार को सामने आए नए मामलों में कर्नाटक में 15, दिल्ली में 13, महाराष्ट्र में 10, केरल में 5, तमिलनाडु में 2, उत्तर प्रदेश में 2, हरियाणा में 1 और चंडीगढ़ में 1 शामिल हैं।
उधर चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) के एक चिकित्सक को स्वाइन फ्लू से ग्रसित पाया गया है।
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने रविवार को बताया कि एक 27 वर्षीय चिकित्सक का नमूना जांच के लिए शनिवार की सुबह लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट पोजिटिव आई है। वह पीजीआईएमईआर में चिकित्सकों के लिए बने आवास में रहते हैं।
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, "चिकित्सक में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने के बाद शनिवार को नमूनों को जांच के लिए पीजीआईएमईआर की प्रयोगशाला में भेजा गया। नमूनों की जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।"
उन्होंने कहा कि चिकित्सक का इलाज चल रहा है और चिंता जैसी कोई बात नहीं है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह पीजीआईएमईआर में रहने वाले एक वरिष्ठ चिकित्सक को स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाया गया था। अभी तक एक दर्जन से ज्यादा चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए हैं जिसमें पीजीआईएमईआर से अकेले सात मामले सामने आए हैं।
उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ के अस्पतालों में 250 से अधिक स्वाइन फ्लू के संभावित मामले सामने आए हैं जिनमें से 51 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। स्वाइन फ्लू से चण्डीगढ़ और मोहाली में एक-एक लोग एच1 एन1 वायरस का शिकार हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications